विंध्याचल थाना क्षेत्र के रेहड़ा पुल के पास सोमवार को सुबह दर्शन करने आई महिला नित्य क्रिया के लिए जाते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। साथ आए लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को रेल लाइन से हटवाया।
रायबरेली जिले के हाजीपुर गांव से लगभग 150 लोग बस से सोमवार को सुबह विंध्याचल दर्शन करने के लिए आए थे। उसी बस से गांव निवासी आशा देवी (34) पत्नी राजेश पासवान भी अपनी पुत्री शिवानी के साथ दर्शन करने आई थीं। आशा देवी सुबह नित्य क्रिया के लिए गई थीं। लौटते समय रेहड़ा पुल के पास रेल लाइन पार कर रही थीं। रेल लाइन पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गईं। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ आए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को रेल लाइन से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।