ड्रमंडगंज। थाना क्षेत्र के नौगवां गुरुआन बस्ती में मंगलवार को घर के पास पुत्र को गिरने से बचाने के चक्कर में पैर फिसलने से एक महिला कुएं में गिर गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच कर कुएं में गिरी महिला को रस्सी के सहारे बाहर निकाला। नौगवां गांव के गुरुआन बस्ती निवासी शशिकला विश्वकर्मा (26) पत्नी प्रेम लाल विश्वकर्मा का चार वर्षीय पुत्र दीपक खेलते हुए अचानक कुएं की जगत पर पहुंच गया। अपने पुत्र को कुएं के पास देख शशिकला उसे गिरने से बचाने के लिए दौड़कर पहुंची। उसी दौरान अचानक शशिकला का पैर फिसल गया और वे पानी से भरे कुएं में गिर गईं। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को कुएं से बाहर निकाला। कुएं में गिरने से घायल महिला को परिजन उपचार के लिए बरौंधा स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां महिला का उपचार किया जा रहा है।