अहरौरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरिया गांव में एक महिला की शनिवार की रात करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
शनिवार की रात हाई वोल्टेज करंट पोल से लोगों के घरों में उतरने लगा। जिसकी वजह से घरों में रखे विद्युत उपकरण शार्ट सर्किट से जलने लगे। इस दौरान सीताराम की पुत्री पूजा (22) स्विच को बंद करने लगी। लेकिन करंट की चपेट में आकर झुलस गई। परिजनों ने उसे पास में ही स्थित निजी चिकित्सालय लेकर गए जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अवर अभियंता सियाराम सिंह ने बताया कि सरिया गांव निवासी सीताराम की ओर से बिना विद्युत कनेक्शन के ही अवैध रूप से बिजली का उपभोग किया जा रहा था। इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव ने बताया कि मौत से संबंधित कोई तहरीर नहीं मिला है।