मड़िहान थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में धान की सफाई करते समय बृहस्पतिवार की शाम ट्रैक्टर के पंखे में फंसकर महिला की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी किसान बालनरायन सिंह पटेल के खलिहान में बृहस्पतिवार को चौबेपुर निवासी बिपत्ति सिंह पटेल पुत्र लालधारी के ट्रैक्टर व पंखे से धान की ओसवनी हो रही थी। जिसमें गांव के ही छह से सात मजदूर काम में लगे थे। उसमें धनदेई की बहू आरती पत्नी राजेश भी काम करने गई थी। धनदेई शाम छह बजे बहू को बुलाने गयी थी। धनदेई की आंख की रोशनी कमजोर थी। नजदीक पहुंचने पर पंखे में उसका साल फंस गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। जब तक लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल जाने की व्यवस्था करते। तब तक घटना स्थल पर तड़प कर मौत हो गयी। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उधर घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला।