पड़री। थाना क्षेत्र के बंगला चौकियां गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई और एक महिला झुलस गई। बंगला चौकियां गांव निवासी कुंदन देवी (60) पत्नी स्व. बद्री सरोज व पड़ोस की महिला सुनीता देवी (40) पत्नी रामकृपाल दोनों घर के समीप खेत पर घास काटने के लिए गई थी । घास काट कर घर वापस आते समय अचानक बारिश होने लगी। तभी बिजली गिरने से दोनों उसके चपेट में आ गई। हादसे में कुंदन देवी की मौत हो गई और सुनीता देवी झुलस गई। झुलसी महिला को परिजन उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए। उसका उपचार चल रहा है। अधेड़ महिला के मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।