पटेहरा/मड़िहान। हसरा गांव में बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। तीन गांवों में बिजली की चपेट में आकर आठ लोग झुलस कर अचेत हो गए।
हसरा गांव के चकरा मजरे में बुधवार को दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी। उधर, 45 वर्षीय गीता देवी मवेशियों को गोशाला में बांध रही थीं। उसी दौरान बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी मड़िहान ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पंहुची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गीता की एक पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। सीएचसी के डाॅ.आरएस वर्मा ने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है। उधर, पड़रिया कला में निवासी जगदीश (50), दुलारे (55), आशीष (10) सिवान में गाय चराने गए थे। उस दौरान अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से तीनों लोग झुलस गए। प्रधान प्रतिनिधि संतोष तिवारी अपने निजी साधन से सभी को इलाज लिए ले गए। उधर, पटेहरा कला में सुनीता बिंद (30) व आर्यस (10) अपने घर के बरामदे में बैठे थे। तभी बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें पटेहरा पीएचसी में भर्ती कराया गया। उधर, नेवढ़िया गांव निवासी अनीता (28) भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं। उन्हें एंबुलेंस से पीएचसी पटेहरा पहुंचाया गया। पड़रिया खुर्द गांव निवासी मीना (40) व अंजली (17) भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं। इनका इलाज सीएचसी मड़िहान में चल रहा है। पीएचसी प्रभारी डाॅ. अभिषेक जायसवाल ने बताया कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं। इलाज कर घर भेज दिया जाएगा। उधर, कुशियरिया में सिवान में बिजली की चपेट में आने से दो भेड़ें मर गईं। 17 भेड़ अचेत होकर गिर गए।