पड़री। रामनगर सिकरी गांव में बुधवार को पशुओं के लिए चारा काटने गई महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। देर शाम को घर न पहुंचने पर परिवार के लोग खोजने निकले तो घर से दो सौ मीटर दूर खेत में लगे पोल के सटे तार के पास पड़ी मिली। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
रामनगर सिकरी गांव निवासी फूलपत्ती (44) पत्नी मेघनाथ बिंद बुधवार की शाम पशुओं के लिए चारा काटने सिवान में गई थीं। जहां बिजली के तार में उतर रहे करंट की चपेट में आ गईं। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिवार वाले खोजने निकले तो वह तार के पास पड़ी मिलीं। घर वाले इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष विजय शंकर पटेल ने बताया कि रामनगर सिकरी गांव में करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है।