संतनगर थाना क्षेत्र के पटेहरा कला गांव में बुधवार रात तोते को बचाने के प्रयास में एक महिला सर्पदंश का शिकार हो गई।
परिजन पहले उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने ले गए। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पटेहरा कला गांव निवासी दुर्गेश ने बताया कि उनकी मां लखपतिया (55), प्रतिदिन की तरह रात में भोजन करने के बाद सो रही थीं। कच्चे मकान में तोते का पिंजरा टंगा था। तोते को डसने के लिए सांप पिंजरे के पास पहुंचा तो उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लखपतिया वहां पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने पिंजरा हटाने का प्रयास किया, सांप ने उन्हें डस लिया। इसके बाद परिजन उन्हें जड़ी-बूटी और झाड़-फूंक कराने ले गए। वहां राहत नहीं मिलने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि सर्पदंश से महिला की मौत हुई है।