जमालपुर थाना क्षेत्र के जयपट्टी कला गांव में मंगलवार की सुबह से लापता संतोष कुमार भारती (50) की हत्या कर दी गई। परिजनों के शक के आधार पर गांव के ली एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। इसके बाद आरोपी के घर में तलाशी हुई। शव घर के शौचालय की टंकी में बरामद हुआ। यह देखते ही वहां उमड़ी ग्रामीणों की भीड़ बेकाबू हो गयी। आरोपी पर हमले की कोशिश हुई। सफल न होने पर उसके घर पर पथराव कर दिया। इस हमले में आरोपी तथा एक दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपी को ट्रामा सेंटर भेजकर घायल पुलिसकर्मियों का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया।
जयपट्टी कला गांव के संतोष कुमार भारती मंगलवार की सुबह चार बजे घर से निकले थे। देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि संतोष गांव के ही निवासी रविन्द्र गोड़ से विवाद चल रहा था। शक जताया कि उसी ने संतोष को गायब कराया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस रविन्द्र गोड़ को थाने ले आई। कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस उसे लेकर वापस उसके घर पहुंची। तबतक रविन्द्र के घर के बाद ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो चुकी थी।
तलाशी के बाद पुलिस ने रविन्द्र के घर पर शौचालय के गड्ढे से संतोष का शव बरामद किया। इसके बाद ग्रामीण आपे से बाहर हो गए। रविन्द्र को मारने-पीटने पर आमादा हो गए। पुलिस ने उसे बचाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव में रविंद्र घायल हो गया। उसे बचाने में जमालपुर थाने के दरोगा राम दयाल यादव, सिपाही सत्येंद्र यादव, विजय, नीरज और विपिन घायल हो गए। पुलिस किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाकर अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिसकर्मियों का सीएचसी में उपचार कराया गया। मौके पर थानाध्यक्ष जमालपुर मनोज कुमार के बाद सीओ चुनार रामानंद राय भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी रविंद्र ने तकिया से मुंह दबाकर संतोष की हत्या की। छानबीन में जुटी पुलिस ने हत्यारोपी के घर से वारदात में प्रयुक्त तकिया बरामद करते हुए उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। संतोष के पुत्र विजेंद्र ने बताया कि 15 दिन पहले भी थाने में रविंद्र के खिलाफ शिकायत की गई थी। पुलिस ने शिकायत के बाद रविंद्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। यदि पुलिस ने कार्रवाई की होती तो शायद मेरे पिता आज जिंदा होते।
उधर, हत्या और पथराव की घटना के गांव में जमालपुर पुलिस के साथ ही अहरौरा और अन्य थाने की फोर्स तैनात रही। इसके अलावा जमालपुर थाने के पास भी काफी संख्या में फोर्स तैनात रही। एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि का कहना है कि लापता संतोष के परिजनों ने रविंद्र पर आरोप लगाया था। पुलिस ने छानबीन करते हुए रविंद्र के घर के शौचालय की टंकी से संतोष का शव बरामद किया है। तभी ग्रामीणों ने रविंद्र पर पथराव किया। रविंद्र को बचाने में पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए। रविंद्र को ट्रामा सेंटर भेजा गया है। आरोपी रविंद्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।