अंदर जाने से रोका तो गेट पर धरने पर बैठे सपा कार्यकर्ता
मिर्जापुर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मिर्जापुर, सोनभद्र के प्रबंध समिति के चुनाव के लिए नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नामांकन स्थल पर अंदर जाने से रोके जाने से नाराज सपा कार्यकर्ता रविवार को गेट नंबर पांच के सामने नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने पुलिस प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर बेइमानी का आरोप लगाया। गेट के सामने सपा कार्यकर्ताओं द्वारा हो हल्ला मचाने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर गेट खोला गया। इसके बाद डायरेक्टर पद के प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह पटेल के अलावा आधा दर्जन लोगों ने नामांकन किया। इस दौरान पूर्व विधायक जगतंबा सिंह, अशोक यादव, सुनील सिंह पटेल, दिलीप गुप्ता, राणा प्रताप सिंह, अशोक यादव, अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।