राजगढ़। क्षेत्र के एक गांव का युवक गर्भवती प्रेमिका से रविवार को मंदिर में दोबारा शादी रचा कर उसे अपने घर ले गया। थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक सोनभद्र के एक गांव की युवती से प्रेम करता था। प्रेम परवान चढ़ने पर युवती परिजनों को बिना बताए प्रेमी अपनी प्रेमिका से गुपचुप शादी कर उसे अपने घर ले आया। कुछ माह तक दोनों हंसी खुशी जीवन व्यतीत कर रहे थे। इसी दौरान दुर्घटना में युवक का एक पैर टूट गया। पैर टूटने पर प्रेमिका उसे घर पर अकेला छोड़कर मायके चली गई। नाराज युवक पत्नी को लेने उसके मायके नहीं गया। इसी बीच जब प्रेमिका को ज्ञात हुआ कि वह गर्भवती है। तो अपने परिजनों के साथ राजगढ़ थाना पहुंचकर अपने प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस प्रेमी को थाने बुलाई। जहां प्रेमी के परिजन युवती को अपने घर ले जाने के लिए राजी हो गए पर प्रेमिका अपनी जिद पर अड़ गई। वह दोबारा शादी करने के लिए कहने लगी। जिस पर प्रेमी दोनों पक्षों के परिजनों के समक्ष अपनी गर्भवती प्रेमिका के साथ मंदिर में दोबारा शादी रचाकर अपने घर ले गया।