मिर्जापुर। महंथ शिवाला स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने पहुंचे बाइक सवार युवकों को सिगरेट पीने से मना किया तो युवकों ने कर्मचारी की पिटाई कर दी। युवक धमकी देते हुए चले गए। पंप मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के महंत शिवाला स्थित पेट्रोल पंप के मालिक सिद्धनाथ सिंह ने तहरीर देकर बताया कि पंप 24 घंटे खुला रहता है। बीते 31 अगस्त की रात सवा 11 बजे तीन युवक बाइक में पेट्रोल भरवाने आए। वे लोग शराब के नशे में थे और सिगरेट पी रहे थे। पंप पर सिगरेट पीना मना है। कर्मचारियों ने उनको सिगरेट पीने से मना किया तो युवकों ने कर्मचारी रमेश प्रजापति की पिटाई की और धमकी देकर चले गए। कटरा कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।