फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंटे थे इसलिए कटे थे, बंटिये मत, एकजुट होकर विकास और सुरक्षा के माहौल में आगे बढ़िये : योगी आदित्यनाथ

विज्ञापन
विज्ञापन
मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है। बस आपसे एक प्रश्न पूछना चाहता हूं आखिर क्यों हमें अयोध्या में 500 वर्षों तक इंतजार करना पड़ा था। क्यों ऐसी स्थिति पैदा हुई। क्यों रामलला का मंदिर तोड़कर आक्रांताओं ने एक गुलामी का ढांचा खड़ा कर दिया था। कारण एक ही है और निवारण भी एक ही है। बंटे थे इसलिए कटे थे, बंटिये मत, एकजुट होकर विकास और सुरक्षा के माहौल में आगे बढ़िये...। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार आपके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी है। आपके वर्तमान को सुधारेगी और भविष्य को उज्ज्वल बनानेे का काम करेगी।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहाड़ी ब्लाॅक के गोपालपुर गांव में सोमवार को आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले मिर्जापुर की क्या स्थिति थी, इस जनपद में संपर्क मार्गों का अभाव था। गरीबों को योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। मां विंध्यवासिनी मंदिर व शक्तिपीठ और सड़कों की स्थिति की स्थिति खराब थी। गुंडा और माफिया राज था। अब मां विंध्यवासिनी का पावन धाम भव्य व दिव्य रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले धाम में संकरी गलियां थीं। भय लगता था कि नवरात्र के दौरान क्या होगा। इस बार तीन अक्तूबर से शुरू हो रहे नवरात्र मेले में भव्य दिव्य धाम के दर्शन होंगे। आप कहेंगे कि वाह यही काम पहले की सरकारें करतीं तो जन आस्था को सम्मान मिलता। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अब हमारा मिर्जापुर जनपद भी कह सकता है कि हमारे पास भी अपना मेडिकल कॉलेज है। पहले बीएचयू और प्रयागराज में मेडिकल कॉलेज थे। बीच में कुछ नहीं। विंध्य विश्वविद्यालय भी बनने जा रहा है। अगले सत्र में पाठ्यक्रम भी शुरू कर देंगे। फोर लेन की कनेक्टिविटी के साथ जनपद जुड़ा है। हर घर नल योजना पर काम हो रहा है। पेयजल की समस्या का समाधान हो जाएगा। इससे जल जनित रोगों से भी मुक्ति मिलेगी। सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि पहले योजनाएं देने में भेदभाव होता था। डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का काम कर रही है। दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और मोबाइल फोन का लाभ दे रहे हैं। मिर्जापुर विंध्य क्षेत्र के सभी युवाओं को आह्वान किया कि जो भी युवा स्वयं का स्टार्ट अप शुरू करना चाहते हैं, वो अभी अपना नामांकन कराएं। हम अगले कुछ वर्षों में 10 लाख युवाओं को पहले चरण में पांच लाख और दूसरे चरण में 10 लाख उपलब्ध कराने जा रहे हैं। यह पैसा ब्याज मुक्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा सकता है। व्यापारी की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा सकता है। किसान की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता है। किसी गरीब की झोपड़ी को कोई उजाड़ने का प्रयास नहीं कर सकता है, क्योंकि उसको खामियाजा भुगतान होगा। पहले माफिया समानान्तर सरकार चलाते थे। कहीं खनन माफिया तो कहीं वन माफिया और कहीं पशु माफिया। किसी की हिम्मत नहीं होती थी कि इन पर हाथ डाल सके। आज माफिया गिड़गिड़ा रहे हैं कि हुजूर एक बार जान बक्श दो बस। आगे से ठेला लगाकर पेट भर लेंगे, पर किसी को छेड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि जब ऐसा वातावरण होगा तो मां विंध्यवासिनी की कृपा बरसेगी ही बरसेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ दिनों में भदोही के एक्सपो मार्ट में प्रदर्शनी लगने जा रही है। हस्त शिल्पियों, कारीगरों को नया अवसर प्राप्त होगा। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में प्रदर्शनी लगने जा रही है। जिसमें भदोही और मिर्जापुर के उत्पाद को भी जगह दी गई है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग जाति का नंगा खेल खेलते हैं, समाज को आपस में लड़ाने का काम करते हैं, ये वही लोग हैं, जो माफिया और दुर्दांत अपराधियों, दंगाइयों के सामने नाक रगड़ते थे। आज प्रदेश विकास की नई धारा के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्हें विकास अच्छा कैसे लग सकता है। वे बैरियर बनकर फिर खड़ा होना चाहते हैं। उन्होंने अपील की कि वर्तमान को ठीक करना ही करना है और भविष्य की मजबूत नींव रखने को कहा। आगे कहा कि मिर्जापुर वालों के दोनों हाथ में लड्डू है। कुंभ में श्रद्धालु आएंगे तो वे विंध्यवासिनी धाम भी आएंगे, काशी में आएंगे तो भी विंध्याचल आएंगे। यहां पर हमें तैयार होना है।
विज्ञापन

जनसभा के दौरान कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, रामकेश निषाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, रत्नाकर मिश्र, अनुराग सिंह, रिंकी कोल, एमएलसी श्याम नारायण सिंह, विधायक भूपेश चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, रामलौटन बिंद, राम आसरे बिंद, रामसकल सिंह, सुचिस्मिता मौर्य, जगदीश पटेल, हौसिला पाठक आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें