चुनार। नगर पालिका क्षेत्र में अमृत योजना के तहत 60 करोड़ रुपये से प्रस्तावित जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) के लिए जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने मंगलवार को टीम के साथ बालूघाट, रामघाट और बहरामगंज में सर्वे किया। इस योजना के तहत गंगा से पानी लिफ्ट करने के बाद उसका शोधन कर नगर वासियों को जलापूर्ति की जाएगी।
टीम ने गंगा घाटों पर जाकर प्लांट के लिए आवश्यक भूमि का सर्वे किया। प्रस्तावित योजना को हरी झंडी मिलने के बाद करीब दो साल काम पूरा होने में लगेगा। जल निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया इसके लिए गंगा से पानी लिफ्ट कराया जाएगा और इसके बाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में उसका शोधन कर नई पाइप लाइन से लोगों को जलापूर्ति की जाएगी। इसके लिए चार ओवरहेड टैंक समेत सीडब्ल्यूआर भी स्थापित किए जाएंगे। सर्वे के दौरान जल निगम के सहायक अभियंता सिंकदर पटेल, अवर अभियंता नगर पालिका सौरभ प्रकाश सिंह, अवर अभियंता अविनाश चंद्र, ओएस शैलेश यादव आदि मौजूद रहे।