पटेहरा। लेदुकी ग्राम समूह पाइप लाइन पेयजल योजना के तहत बने तीन ओवरहेड टैंकों से टेस्टिंग के लिए बृहस्पतिवार को पानी छोड़ा गया। इन योजनाओं से 124 गांवों के 26385 परिवार लाभान्वित होंगे।
लेदुकी ओवरहेड टैंक से लेदुकी और सरसवा गांव के कुल 550 की तुलना में 466 परिवारों को कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। रैकरा, कलवारी खुर्द, करौंदा में ओवरहेड टैंक बनकर तैयार हो गया है। तीनों ओवरहेड टैंकों से संबंधित गांवों में जलापूर्ति के बाबत टेस्टिंग के लिए पानी छोड़ा गया है। रैकरा ओवरहेड टैंक से 600 की तुलना में 320, कलवारी खुर्द में 411 की तुलना में 312, करौंदा में 144 की तुलना में 117 कनेक्शन किए जा चुके हैं। टेस्टिंग के लिए पानी छोड़े जाने पर विजय बहादुर सिंह, फूल कुमार, राहुल, गोपी कोल आदि ने खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि पशुओं को नहाने और पीने के लिए अब पर्याप्त पानी मिल रहा है। कार्यदायी संस्था के प्रबंधक ने बताया एक ओवरहेड टैंक से लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। शेष तीन ओवरहेड टैंकों की टेस्टिंग की जा रही है। कुछ कनेक्शन शेष बचे हैं, जिन्हे जल्द पूरा कर दिया जाएगा।
जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार का कहना है कि ग्राम समूह योजना से हर घर नल से जल उपलब्ध कराने का कार्य अंतिम दौर में है। टेस्टिंग के तौर पर पानी छोड़ा जा रहा है। यदि इस दौरान कहीं कोई कमी सामने आ रही है तो उसे दूर कराकर मई माह के अंत तक जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।