अहरौरा। थाना क्षेत्र के लतीफपुर स्थित वाटर पार्क के स्विमिंग पुल में बृहस्पतिवार की शाम नहाने के दौरान सोनभद्र के अफजल की मौत होने के मामले में क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन ने शनिवार को फोरेंसिक टीम के साथ वहां पहुंच कर जांच की। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के निर्देश पर जांच पूरी होने तक सैलानियों के लिए वाटर पार्क बंद कर दिया गया है।
सोनभद्र के मारकुंडी निवासी अफजल अपने चार अन्य साथियों के साथ बृहस्पतिवार की शाम वाटर पार्क में पिकनिक मनाने के लिए गए थे। साथी पर्यटकों ने बताया कि स्विमिंग पुल में नहाकर कुछ देर बाहर बैठे थे, तभी अचानक अबूझ हाल में वे उसी स्विमिंग पुल में गिर गए। वहां पर मौजूद वाटर पार्क स्टाफ ने तुरंत उन्हें बाहर निकाल कर सीएचसी पहुंचाया। हालत ठीक नहीं होने पर उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी ले गए। जहां इलाज के दौरान अफजल की मौत हो गई। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। सीओ ऑपरेशन व थानाध्यक्ष कुमुद शेखर सिंह फोरेंसिक टीम के साथ शनिवार को दोपहर में वाटर पार्क पहुंचे। जिस जगह हादसा हुआ था, उसे सील कर दिया गया। इसके बाद फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी निकाला है।वाटर पार्क के संचालक राकेश सिंह पटेल का कहना है कि पानी में गिरने अथवाडूबने से उनकी मौत नहीं हुई। अफजल परिवार के साथ हमारे वाटर पार्क आते रहे हैं। उस दिन उनकी तबीयत खराब थी। अचानक बेहोश होकर गिर गए। हम लोग तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए और फिर बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर। मौत के बाद परिवार की इच्छा न होने के बावजूद पोस्टमार्टम भी कराया। परिवार को कोई शिकायत नहीं है। क्षेत्राधिकारी आपरेशन अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य संकलन किया। जांच पूरी होने तक वाटर पार्क को बंद कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।