विकास खंड के पांच गांवों के 250 घरों में मंगलवार को ट्रायल के तौर पर हर घर नल योजना के तहत जलापूर्ति की गई। जलापूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है।
हलिया विकास खंड क्षेत्र में लोगों को पीने के पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर नल योजना की घोषणा की थी। इसके एक साल बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी नींव रखी। अहुगी कलां ग्रुप आफ विलेज वाटर सप्लाई योजना के तहत करोड़ों रुपये की वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है। इसके माध्यम से अदवा बांध से पानी लेकर शोधन कर गांवों में आपूर्ति की जानी है। अहुगी कलां ग्रुप आफ विलेज पेयजल आपूर्ति परियोजना से जुडे़ गुर्गी, बरहुला, अहुगी खुर्द, मटिहरा, बडौंही में पाइप लाइन डालने व कनेक्शन का काम पूरा होने के बाद मंगलवार को ट्रायल किया गया। आजादी के 75 साल बाद इन गांवों में नल के जरिए पानी पहुंचाया गया। जलापूर्ति शुरू होने से ग्रामीण बेहद खुश नजर आए। नल के माध्यम से घरों में जल पहुंचने पर बरहुला गांव निवासी इंदल, सुरेश, सिद्धनाथ सिंह, कृष्णा, गोपी, श्रीनाथ आदि ग्रामीणों ने खुशी जताई। कार्यदायी संस्था एनसीसी के सीनियर इंजीनियर सन्नी शर्मा व इंजीनियर विजेंद्र कुमार ट्रायल के दौरान मौजूद रहे। जल निगम अभाव शाखा के अधिशासी अभियंता सदीप सिंह का कहना है कि अगले महीने हर घर नल योजना के तहत अन्य गांवों में जलापूर्ति की तैयारी है। इसके तहत हथेड़ा, राजपुर, सोनगढ़ा आदि गांवों में जलापूर्ति की जा सकती है। इस योजना के तहत हलिया विकास खंड के करीब 150 गांवों में जलापूर्ति की जाएगी। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र प्रसाद वर्मा का कहना है कि ट्रायल के तौर पर पांच गांवों के 250 घरों में नल के जरिए जलापूूर्ति की गई। जल निगम के इंजीनियरों की देखरेख में ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा। अगले दो माह तक सभी गांवों में कनेक्शन के जरिए जलापूर्ति का शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर लिया जाएगा।