मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेसजनों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन देकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार पटेल व लगभग 15 अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ नरायनपुर पुलिस चौकी में दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की। साथ ही मुकदमा वापस नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
पूर्व विधायक ने कहा कि अदलहाट थाने के पास कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। बीते 31 जुलाई को अनुराग ठाकुर का प्रतीकात्मक पुतला सरदार पटेल तिराहा नरायनपुर जलाया गया। आरोप लगाया कि इस मामले में चौकी इंचार्ज नरायनपुर ने शासन के दबाव में जिलाध्यक्ष व लगभग 15 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि मुकदमा वापस नहीं लिए जाने पर आंदोलन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में शिव शंकर चौबे, राम सिंह, छोटे खान, रमेश प्रजापति पप्पू, गुलाब चंद्र पांडेय, राजधर दुबे, कमलेश दुबे आदि शामिल थे।