लालगंज। लालगंज मिलिट्री ग्राउंड पर 30 दिसंबर को ब्लाॅक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसमें वाॅलीबाल, कबड्डी व एथलीट के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इस बीच मंगलवार को जिला ओलंपिक संघ के महासचिव एसपी त्रिपाठी ने खेल मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस मैदान पर अनुप्रिया पटेल फाउंडेशन एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वाधान में 30 दिसंबर को ब्लाॅक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। महासचिव ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता के विजेता व उपविजेता खिलाड़ी दो, तीन व चार फरवरी को विंध्य खेल महोत्सव के नाम से होने वाले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उन्होंने बापू उपरौध इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मजीत सिंह से खेल के संबंध में व्यवस्था की जानकारी ली। पूर्व प्रमुख जय कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण प्रतिभाओं को निखरने का मंच मिलता है। गांव के खिलाड़ी शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। निरीक्षण के दौरान हूब लाल यादव, राजेंद्र सिंह यादव, राम सिंह, अश्वनी, अनवर अली आदि मौजूद रहे।