चील्ह। विकास खंड कोन के चेतना सरोवर का प्रसिद्ध लिट्टी- भंटा का मेला मंगलवार को संपन्न हुआ। अगहन पूर्णिमा को लगने वाले मेला में लोगों ने पतंगबाजी भी की।
बताया जाता है लाही चपरा के व्यापारी गुन्नीलाल विशात ने अपनी माता की आज्ञा पर चेतगंज बाजार में विशाल पोखरा का निर्माण कराया था। साथ ही पोखरे के भीटे पर एक भव्य मंदिर का निर्माण करवाया। मंदिर में राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान जी, गणेश, भैरव, गंगा जी, सूर्य भगवान, विष्णु, लक्ष्मी, शंकर, पार्वती व नंदी की स्थापना की गई। तभी से अब तक प्रत्येक वर्ष अगहन पूर्णिमा को चेतगंज के तालाब पर विशाल लोटा भंटा का मेला का आयोजन चला आ रहा है। मेले में क्षेत्र के अलावा मिर्जापुर शहर, विंध्याचल, औराई, भदोही, ज्ञानपुर, कोइरौना गोपीगंज सहित अनेक स्थानों से दुकानदार मेले में दुकान आदि लगाते हैं। मेले में आए पुरुष और महिलाओं ने मेले का भ्रमण करते हुए चाट और फुल्की का आनंद उठाने के साथ ही घर और गृहस्थी के सामान खरीदे। मेले में शांति व्यवस्था चील्ह थाना पुलिस के अलावा भारी संख्या में पुलिस एवं पीएसी बल तैनात रहा।