झांसी में आयोजित यूपी स्टेट क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में पोडियम पर खड़े (बाई ओर)रजत पदक के साथ
अदलहाट। झांसी में रविवार को आयोजित 60 वीं यूपी स्टेट क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप 2026 में अहरौरा के एथलीट विनय कुमार ने 6:02 सेकंड टाइमिंग के साथ रजत पदक जीतकर अपना परचम लहराया। दो किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में लखनऊ के स्पोर्ट कॉलेज के समीर ने 6:01 सेकंड टाइमिंग के साथ स्वर्ण पदक जीता। विनय कुमार इसके पहले प्रयागराज में 30 अक्तूबर से तीन नवंबर के बीच संपन्न हुए 69 वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 1500 मीटर दौड़ में मात्र एक सेकंड के अंतर से स्वर्ण पदक जीतने से चूके थे। अहरौरा क्षेत्र के धुरिया गांव निवासी किसान सुभाष चंद्र ने बताया कि उनका बेटा विनय कुमार जय हिंद विद्या मंदिर का छात्र है। उसने अपनी स्कूली और शुरुआती ट्रेनिंग के दौरान गांव के पथरीली पहाड़ियों के बीच दौड़ लगाई। पिता के साथ खेतों में काम करने के बाद खाली समय में बनस्थली महाविद्यालय के पहाड़ियों पर कोच अवधेश कुमार सिंह के संरक्षण में कठिन प्रशिक्षण लिया। यही मेहनत आज विनय की सफलता का आधार बना है। चार भाइयों में सबसे छोटा विनय अपनी मां बसंती देवी का दुलारा भी हैं। बेटे की इस कामयाबी पर पूरा परिवार खुशी से गदगद है। पिता का सपना है कि बेटा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के लिए मेडल जीतकर नाम रौशन करे। इस कामयाबी पर मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन सिंह,विद्यालय के प्रबंधक शुभेंद्र कुमार जायसवाल, प्रधानाचार्य संतोष कुमार, शिक्षक अंकुश चौबे, तारा त्रिपाठी आदि ने बधाई दी है।