क्षेत्र के गंगाउत गांव में ग्राम चौपाल के दौरान लोगों की समस्या सुनते अधिकारी , स्रोत संवाद
मिर्जापुर। 12 विकास खंड के 24 ग्राम पंचायत में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने नोडल अधिकारियों के सामने बिजली, पानी व रास्ते का मुद्दा उठाया। इस दौरान कुल 69 मामले आए। इसमें से 58 मामलों का निस्तारण अधिकारियों ने मौके पर ही कर दिया शेष 11 मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित कर आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सिटी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सिटी ब्लाॅक क्षेत्र के गंगाउत गांव में ग्रामीणों की फरियाद सुनी। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने क्षतिग्रस्त पुराने पंचायत भवन के स्थान पर ट्रेनिंग सेंटर बनवाने की मांग की। ग्रामीणों में बबलू यादव, सीता देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने हर घर नज जल योजना मुद्दा उठाया। कहा अधिकांश बस्तियों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गांव के सती शंकर यादव ने आंधी के दौरान पेड़ गिरने से दो बिजली के पोल टूट गए जिसे आज तक नहीं बदला गया। इसी तरह खुटहां में अधिकारियों ने ग्रामीणों की फरियाद सुनी। पड़री, पहाड़ी ब्लाक के वेलवन में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार डा सुशांत सिंह, खंड विकास अधिकारी बबीता सिंह ने समस्याएं सुनीं। कुल चार प्रार्थना पत्र आए। इसमें तारा देवी, श्यामा देवी ने आवास की मांग की। वहीं पप्पू ने शौचालय की मांग उठाई। अमीरती में एडीओ पीआरडी महेंद्र कुमार पटेल, सहायक श्रमायुक्त प्रतिनिधि तथा ग्राम सचिव दीक्षा शुक्ल ने ग्रामीणों की शिकायत सुनी। जमालपुर, हसौली में बीडीओ रक्षिता सिंह ने ग्रामीणों की फरियाद सुनी। तूफानी ने बृद्धा पेंशन, प्यारी और रामगोली ने बाढ़ में गिरे कच्चा मकान का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। बिसौरा खुर्द में एडीओ पंचायत पुरेंद्र चंद्र ने समस्याएंं सुनी। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी रामदत्त त्रिपाठी, एडीओ आईएसबी मुकेश कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान अरुण त्रिपाठी रहे।