जमालपुर। बहुआर-भड़ेवल संपर्क मार्ग पर फैली गंदगी से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को बहुआर गांव की सड़क पर प्रदर्शन किया। पानी टंकी के पास हुए प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का कहना था कि संपर्क मार्ग पर फैली गंदगी से सड़क पर चलना दुश्वार हो गया है।
ग्रामीणों का कहना था कि हर घर नल योजना के तहत जलापूर्ति की पाइप लाइन डालने का कार्य तो कर लिया गया, लेकिन सड़क की खोदाई कर मिट्टी वहीं छोड़ दी गई। इसके चलते बारिश होने पर सड़क पर फैले कीचड़ के कारण पैदल चल पाना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली छात्र-छात्राओं सहित राहगीर आए दिन कीचड़ के कारण फिसल कर गिर रहे हैं। उधर, प्रदर्शन की सूचना पर कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता दीपक कुमार ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर फैले मलबा को हटवाने का आश्वासन दिया। इसके करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इस दौरान मोहित सिंह, राजन सिंह, धीरज सिंह, सविनय सिंह, टिंकू सिंह, सुरेंद्र सिंह, आशु सिंह, मोनू सिंह आदि मौजूद रहे।