खेमईबरी गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को विद्युत उपखंड चुनार के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के अवर अभियंता पर विद्युत उपभोक्ताओं से गलत व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उन्हें अन्यत्र हटाए जाने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नरायनपुर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एक अवर अभियंता गांव में आकर वैध कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं का केबल काट कर ले जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि कारण पूछने पर अवर अभियंता ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। ग्रामीणों ने बताया है कि लगभग एक सप्ताह पहले गांव में केबल तार से कनेक्शन दिए गए थे। आरोप लगाया है कि कनेक्शन देने के नाम पर ग्रामीणों से तीन हजार से पांच हजार रुपये तक की वसूली की गई है। शिकायत करने पर अवर अभियंता पर ग्रामीणों को अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए देख लेने की धमकी देेने का आरोप भी लगाया है। ज्ञापन देने वालों में भरत सिंह, राममूरत सिंह, रामचन्दर सिंह, बाबूलाल सिंह, सुदामा, बाबूनंदन सिंह, लवकुश सिंह, संदीप पटेल, आदर्श सिंह, रामसजीवन सिंह, सुजीत सिंह, बाबूलाल, दिनेश सिंह, सियाराम सिंह आदि शामिल रहे।