मिर्जापुर। बारह विकास खंड के चौबिस ग्राम पंचायत में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल में ब्लाक स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की फरियाद सुनी। अधिकांश ग्राम पंचायतों में बिजली, स्वास्थ, आपूर्ति विभाग एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी नदारद रहे। इससे फरियादियों को मायूस होना पड़ा।
सिटी विकास खंड के शाहरपुर चौसा में ग्राम प्रधान सविता सिंह की अध्यक्षता में ज्वाइंट बीडीओ शशिकांत पांडेय ने ग्रामीणों की फरियाद सुनी। चौपाल में बिजली, स्वास्थ्य, राशन कार्ड और वरासत मामलों में संबंधित विभाग के कर्मचारियों के न आने से फरियादियों को मायूस होना पड़ा। चौपाल में ज्यादातर मामले आवास, शौचालय, राशन कार्ड बनवाने व यूनिट कटने वालों का मुद्दा छाया रहा। चौपाल में मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। इसमें महत्वपूर्ण विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के द्वारा लोगों की समस्याएं सुनते हुए उसका निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान एडीओ सांख्यिकी जयगणेश पांडेय, सचिव अंकित तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे। इसी तरह बरजी मुकुंदपुर में ग्राम प्रधान जवाहर लाल मौर्य की अध्यक्षता में ब्लाक के अधिकारियों ने ग्रामीणों की फरियाद सुनी। ग्रामीणों ने नहर की साफ-सफाई और कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त पुलिया के अलावा जटा विश्वकर्मा के घर से सीवर निर्माण कराए जाने की मांग की। इस दौरान सचिव तरुण भारती, लालचंद मौर्य, सुखेंदर सिंह, अनवर आदि उपस्थित रहे। जिगना, छानबे विकास खंड के कोलेपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में सचिव प्रकाशचंद्र दुबे ने ग्रामीणों की फरियाद सुनी। इस दौरान ग्राम प्रधान अनूप कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। ग्राम पंचायत कोठरामिश्रान में चौपाल का आयोजन न होने से ग्रामीण मायूस रहे। खंड विकास अधिकारी मुनीश कुमार सिंह ने बताया कि दो ग्राम पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान में अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए हैं।