मड़िहान (मिर्जापुर)। तहसील के रजिस्टार कानूनगो का एक वीडियो वायरल हो रहा है। भूमिधरी की जमीन के नाम पर पट्टेदार से सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। गढ़वा गांव का मामला बताया जा रहा है। तहसील के अधिकारी इस मामले की जांच की बात कह रहे हैं।
तहसील में इस समय तेजी से काम निबटाया जा रहा है। गढ़वा गांव में थोक के भाव ग्राम सभा की जमीन का पट्टा हुआ है। कुछ बाहरी लोग लाभ लेने के लिए ग्राम सभा में पट्टा करवा लिए हैं, लेकिन जमीन भूमिधरी नहीं हुई। मालिकाना हक के लिए पट्टेदार एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हल्का लेखपाल व राजस्व निरीक्षक की मिलीभगत से पट्टे की जमीन का श्रेणी बदला जा रहा है। इसके साथ गांव निवासी पट्टेदार भी तहसील का चक्कर काट रहे हैं। आरोप है कि एक पट्टेदार ने रजिस्ट्रार कानूनगो द्वारा सुविधा शुल्क की मांग करते समय वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जिसकी चर्चा तहसील क्षेत्र में चल रही है। इस संबंध में तहसीलदार फूलचंद्र यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।