मिर्जापुर। विंध्याचल में 26 सितंबर से शुरू होने वाले नवरात्र मेले में दर्शनार्थियों के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से वाहन स्टैंड निर्धारित कर दिए गए हैं। बरतर सहित 12 स्थानों पर वाहन स्टैंड होंगे। इसमें चार निजी वाहन स्टैंड भी शामिल हैं। इसके साथ ही वाहनों के लिए किराया भी तय कर दिया गया है। नवरात्र मेला में अवैध वाहन स्टैंडों के खिलाफ कार्रवाई की बात प्रशासन ने कही है।
सभी वाहन स्टैंडों के संचालकों से कहा गया है कि वे किराया सूची स्टैंड में सामने की ओर रखेंगे ताकि वह सभी को स्पष्ट रूप से दिखायी दे। बड़े चार पहिया वाहनों के लिए 50 रुपये, छोटे चार पहिया वाहनों के लिए 25 रुपये, मोटर साइकिल के लिए 10 रुपये तथा साइकिल के लिए पांच रुपया शुल्क निर्धारित किया गया है। नगर पालिका का कहना है कि यह शुल्क मात्र चार घंटे के लिए है। बाइक व साइकिल के लिए बरतर से कुछ पहले वाहन स्टैंड की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त बरतर पर पालिका का वाहन स्टैंड है।
नवरात्र में वसूूला जाता है मनमाना शुल्क : विंध्याचल में नवरात्र में वाहन चालकों से मनमाना शुल्क वसूला जाता है। कई बार तो शुल्क को लेकर मारपीट की नौबत आ जाती है। नवरात्र में क्षेत्र के बरतर, स्टेशन रोड, बावली तिराहा, बंगाली का चौराहा, पटेंगरा नाला, रोडवेज बस स्टैड के पास व कंतित के पास बड़ी संख्या में अवैध वाहन स्टैंड शुरू हो जाते हैं। कई जगह रसीद नहीं मिलती तो कई जगह वाहनों से सामान गायब हो जाता है। इतना ही नहीं नवरात्र में इतने स्टैंड शुरू हो जाते हैं कि उनमें पहचान करना मुश्किल होता है कि कौन अवैध रूप से संचालित हो रहा है और कौन वैध रूप से। इस संबंध में कई बार स्थानीय व बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों ने भी आवाज उठायी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब देखना यह है कि इस बार प्रशासन किस प्रकार से इन वाहन स्टैंडों का संचालन करता है।