जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर सेमरी गांव के सामने कार ने साइकिल सवार सब्जी विक्रेता को सोमवार की रात आठ बजे टक्कर मार दी। इस हादसे में सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने सड़क जाम कर वाहन चालक को गिरफ्तार किए जाने तथा मुआवजा की मांग करने लगे। बीजर कला से वापस आ रहे एसडीएम सदर आशाराम वर्मा ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
जिगना थाने के बिहसड़ा कला गांव निवासी संजू सोनकर (40) पुत्र झल्लू सोमवार को सब्जी लेकर बरईबरी बाजार में बेचने गया था। बाजार से शाम करीब साढ़े सात बजे घर लौट रहा था। रास्ते में सेमरी गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में संजू सोनकर की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शकुंतला देवी, चार पुत्रियों व दिव्यांग पुत्र रो-रोकर बेहाल हैं। उधर, मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों सड़क जाम कर दिया। मौके पर मौजूद पहुंचे एसडीएम सदर के समझाने व आश्वासन पर आधा घंटा बाद जाम समाप्त हुआ। विंध्याचल थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में सब्जी विक्रेता की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।