पुलिस लाइन में लगे स्वास्थ्य कैंप में जांच करते अधिकारी। स्रोत- पुलिस
मिर्जापुर। पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में मंगलवार को वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में वामा वेलनेस कैंप का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में आयोजित शिविर में चिकित्सा विभाग के सहयोग से पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सुयोग्य चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया। चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जानकारी भी दी। वामा सारथी की ओर से आयोजित इस कैंप का उद्देश्य पुलिस परिवार को स्वस्थ, सशक्त और सजग बनाए रखना है। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।