फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: धान खरीद के पहले ही दिन टोकन को लेकर हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
मिर्जापुर। जिले में बुधवार से धान खरीद शुरू हो गई। हालांकि पहले दिन बुधवार को धान बेचने कोई किसान नहीं आया और केवल नंबर लगाया गया। टोकन का वितरण किया गया। उधर, हलिया में टोकन वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा किया। उप जिलाधिकारी व डिप्टी आरएमओ ने किसानों को शांत कराया। नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल सहित अन्य अधिकारियों ने क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। जिले में 91 धान खरीद केंद्र बनाए गए हैं। खाद्य विभाग के मंडी समिति स्थित केंद्र-एक पर पहले दिन बुधवार को अपराह्न करीब तीन बजे तक 57 किसानों ने पंजीकरण करा लिया था। केंद्र प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पंजीकरण के लिए किसान आने लगे हैं, लेकिन गेहूं लेकर कोई किसान नहीं आया। इसी प्रकार भरूहना स्थित यूपीएसएस के क्रय केंद्र पर 12 किसानों ने पंजीकरण कराया। उधर, हलिया विकास खंड के राजकीय विपणन केंद्र मवई कला में खोले गए खरीद केंद्र प्रथम पर बुधवार को सुबह किसानों ने टोकन के नंबर के लिए लाइन लगाई। कुछ देर तक तो नंबरिंग सही चलती रही, लेकिन बाद में टोकन नंबर सही नहीं देने का केंद्र प्रभारी पर आरोप लगाते हुए किसान हंगामा करने लगे। किसानों ने मामले की जानकारी एसडीएम लालगंज भरत लाल सरोज को दी। सूचना पर एसडीएम लालगंज व थानाध्यक्ष हलिया विष्णु प्रभा सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को जांच के दौरान पता चला कि केंद्र से 371 फार्म पर टोकन नंबर जारी किए गए हैं और 203 फार्म बिना नंबर के पाए गए। इस पर एसडीएम व डिप्टी आरएमओ धनंजय सिंह ने 539 किसानों को नये सिरे से क्रमवार टोकन जारी करवाया, तब जाकर किसानों का गुस्सा शांत हुआ। एसडीएम लालगंज भरत लाल सरोज ने कहा कि केंद्र प्रभारी नारायण जी दुबे द्वारा जारी किए गए टोकन नंबर को निरस्त कर नए सिरे से किसानों को 539 टोकन जारी करवाए गए हैं। साथ ही केंद्र प्रभारी को टोकन नंबर नियमानुसार जारी करने का निर्देश दिया गया है। उधर, विकास खंड छानबे में पहले दिन बुधवार को किसी भी केंद्र पर धान खरीद नहीं हुई। किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया। केंद्र प्रभारी शालिनी शर्मा ने बताया कि 36 किसान धान की बिक्री के लिए उनके संपर्क में हैं। जल्द ही खरीद शुरू हो जाएगी। बौडई के केंद्र प्रभारी विनय गुप्ता ने बताया कि 30 किसानों ने पंजीकरण कराया है। एक सप्ताह के अंदर खरीद चालू हो जाएगी। जमालपुर क्षेत्र में खरीद केंद्रों पर धान की बिक्री के लिए बुधवार को किसानों की भीड़ लगी रही। धान खरीद के लिए विकास खंड के साधन सहकारी समिति मठना, जयपट्टी कला, बहुआर, जमालपुर, ओड़ी, विशेषरपुर माफी, भुइली और सहकारी संघ चौकिया को केंद्र बनाया गया है। प्रभारी एडीओ कोऑपरेटिव राजकपूर सिंह ने साधन सहकारी समिति ओड़ी और सहकारी संघ चौकिया पहुंच कर धान की बिक्री के लिए नंबर लगाए जाने के संबंध में जानकार ली। साथ ही केंद्र प्रभारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिया। जयपट्टी कला साधन सहकारी के केंद्र पर पहले दिन बुधवार को 210, बहुआर साधन सहकारी समिति पर 230, मठना साधन सहकारी समिति पर 235, ओड़ी साधन सहकारी समिति पर 265 और जमालपुर सहकारी समिति पर 180 किसानों ने धान की बिक्री के लिए संपर्क कर पंजीकरण कराया।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें