राजगढ़ ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक में हंगामा हो गया। बैठक की कार्यवाही चल ही रही थी और सदन में अध्यक्ष पानी टंकी के निर्माण के भुगतान की जानकारी दे ही रहे थे कि प्रधान और बीडीसी सदस्य आपस में भिड़ गए। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह से शांत कराया। हंगामा को लेकर सदस्यों के बीच तनाव अभी बना हुआ है।
ब्लॉक प्रमुख गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत की तरफ से जो कार्य कराए गए हैं, उनका संबंधित फर्मों को उसका भुगतान कर दिया गया है। खंड विकास अधिकारी ने पिछली कार्यवाही के बारे में सदन के बारे में जानकारी दी। एडीओ एजी संतोष कुमार ने कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में सदन को जानकारी दी। एडीओ समाज कल्याण ने पेंशन एवं विभाग की तरफ से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। सदन की कार्यवाही चल ही रही थी कि कुड़ी, रामपुर 38, नुआव, छीतमपुर, धौहा में बनाई गई पानी टंकी के भुगतान के मसले पर बीडीसी सदस्य चर्चा करने लगे। छह माह से लटके भुगतान के बारे में शुरू हुई बहस के बीच प्रधान और बीडीसी सदस्य आपस में भिड़ गए। हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बैठक में डीसी मनरेगा मो. नफीस, प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, खंड विकास अधिकारी रमाकांत, डॉ. आशीष सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश यादव, एडीओ सहकारिता राज कपूर सिंह, एडीओ समाज कल्याण राहुल यादव, एडीओ एजी संतोष कुशवाहा, एडीओ संजय सिंह के अलावा प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।