मिर्जापुर। बांध से पानी छोड़े जाने से पहले बाढ़ प्रभावित जिलों को जानकारी दी जाएगी। बाढ़ नियंत्रण के लिए सिरसी, मेजा तथा अदवा बांध के ऑपरेशन मैनुअल को मध्य प्रदेश के अधिकारियों को उपलब्ध कराने के संबंध में भी बात हुई है।
पथरहिया स्थित आयुक्त सभागार में बुधवार को मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी. की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की संयुक्त बाढ़ नियंत्रण समिति की बैठक हुई। बैठक में दोनों प्रदेशों के बाढ़ प्रभावित जिलों में बाढ़ नियंत्रण के लिए सिरसी, मेजा तथा अदवा बांध के ऑपरेशन मैनुअल मध्य प्रदेश के अधिकारियों को उपलब्ध कराने पर बात हुई। बैठक के दौरान रीवा मंडल के मंडलायुक्त ने सुझाव दिया कि बांधों में पानी का स्तर मान्य किया जाना चाहिए। प्रदेश के सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मंडलायुक्त को बताया कि सिंचाई एवं पेयजल के लिए बांधों में पानी भरा जाना जरूरी होता है। परंतु मध्य प्रदेश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए वहां अधिकारियों से समुचित विचार-विमर्श और समन्वय स्थापित कर बांधों से पानी छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। विंध्याचल के मंडलायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को रीवा, मिर्जापुर और सोनभद्र के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सिरसी, मेजा तथा अदवा बांध में जल भराव और इनसे पानी छोड़े जाने की जानकारी मध्य प्रदेश के अधिकारियों को उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने व्हाट्सएप अथवा व्यक्तिगत मोबाइल फोन दोनों माध्यमों के अलावा वायरलेस के माध्यम से समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराने की भी बात कही।
बैठक में बांधों में पानी भरे जाने तथा डाउन स्ट्रीम में स्थित वर्षा मापी केंद्रों की जानकारी के अलावा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त केंद्र स्थापित किए जाने के संबंध में भी चर्चा की गई। यह भी कहा गया कि बांधों से ज्यादा पानी छोड़ा जाना आवश्यक हो तो इसकी जानकारी समय से दोनों प्रदेशों के अधिकारी एक दूसरे से समन्वय स्थापित कर उपलब्ध कराएंगे, ताकि समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।