इन सबके सामूहिक प्रयास से विंध्य विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए इस बार प्रदेश सरकार ने बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इससे लोगों में खुशी है। मिर्जापुर मंडल में तीन जिले आते हैं। मिर्जापुर के अतिरिक्त भदोही व सोनभद्र जिले भी इसी मंडल में ही आते हैं। इन तीनों ही जिलों में कोई विश्वविद्यालय नहीं है। इसके बन जाने के बाद तीन जिलों के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सदर तहसील के दांती ग्राम सभा में 50 एकड़ से अधिक भूमि पहले ही चिह्नित की जा चुकी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस भूमि का पहले ही निरीक्षण कर लिया है। शासन के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के लिए कम से कम 50 एकड़ भूमि चिह्नित करने को कहा गया था। शासन स्तर से विंध्याचल मंडल में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए ग्रामीण क्षेत्र में न्यूनतम 50 एकड़ नि:शुल्क भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव मांगा गया था।
इसके पहले भी मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने ग्राम बभनदेवा में पहुंचकर प्रस्तावित जमीन का अवलोकन किया था। इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम दांती में पहुंचकर जमीन का परीक्षण किया था। विंध्य विश्वविद्यालय के लिए चुनार तहसील क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में भी भूमि उपलब्ध होने की बात की गई थी, लेकिन मानक पर कोई भी भूमि खरी नहीं उतर पा रही थी।