मिर्जापुर। नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद साधन सहकारी समितियों के डायरेक्टर के चुनाव की सरगर्मी बृहस्पतिवार को तेज हो गई। जिले के 125 प्राथमिक सहकारी समितियों में से 73 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। शेष 54 समितियों के डायरेक्टरों का चुनाव 18 मार्च को कराया जाएगा। प्रत्येक समिति से नौ-नौ डायरेक्टरों का चुनाव कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को चुनाव चिन्ह का आवंटित होते ही दावेदारों ने प्रचार तेज कर दिया। विकास खंड छानबे के 13 साधन सहकारी समितियों में पर्चा वापसी के बाद चार साधन सहकारी समितियों में नौ पदों के लिए मतदान होना तय है। हलिया क्षेत्र के साधन सहकारी समितियों में अहुगीकला, सिकटा में डायरेक्टरों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। उमरिया, बडौहां, मटिहरा मतवार, गलरा, खुटहा, बबुराकला, बरौधा, महोगढी,भटवारी, दिघिया में उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया है।
कुछ पदों के लिए मात्र एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने से उनका निर्विरोध निर्वाचित तय है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विपिन कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, विकास खंड पहाड़ी के 6 सहकारी समितियों के लिए डेलीगेट के चुनाव में कुल 85 लोगों ने नामांकन किया था। कठनई व माधवपुर साधन सहकारी समिति में 9 डेलीगेट के लिए 9 लोगों ने नामांकन किया था। जिसमें दोनों साधन सहकारी समितियों के डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। जबकि चार साधन सहकारी समितियों के डेलीगेट के चुनाव के लिए 18 मार्च को मतदान होगा। बृहस्पतिवार को पर्चा वापसी के पश्चात चुनाव चिन्ह आवंटन के दिन भरपुरा साधन सहकारी समिति में 4, दाढ़ी राम में 7, मोहनपुर में एक, पहाड़ी भोजपुर में एक समेत कुल 13 लोगों ने पर्चा वापस लिया।