मिर्जापुर। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दुर्गाजी मोड़ तिराहे पर विधायक स्वर्गीय यदुनाथ सिंह की मूर्ति की स्थापना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश देने का अनुरोध किया है। इस मसले को लेकर केंद्रीय मंत्री पहले भी कई बार पत्राचार कर चुकी हैं। मोड़ पर मूर्ति स्थापना के लिए तिराहे का विकास कार्य सांसद निधि से कराया जाना है। जिसका प्रस्ताव जिला प्रशासन के पास पहले ही भेजा जा चुका है। पत्र में कहा गया है कि वाराणसी-कन्याकुमारी वाया मिर्जापुर मार्ग पर स्थित दुर्गाजी मोड़ पर विधानसभा चुनार के विधायक रहे स्वर्गीय यदुनाथ सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग क्षेत्रीय जनता द्वारा की जा रही है। पिरल्लीपुर पावर हाउस के पास स्थित अवशेष कार्य भी कुछ दिनों में पूर्ण होने की स्थिति में है। इस संबंध में जिला प्रशासन को भी कई बार पत्र लिखा गया है।