क्षेत्र के अदलहाट बाजार स्थित गांधी पार्क के पास सोमवार की शाम पिकनिक मना कर घर लौट रहे छात्र सैलानियों की जाइलो वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। जिसमें सवार चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें गंभीरावस्था में ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया। वाराणसी से तीन युवकों सहित दो छात्राएं पिकनिक मनाने लिखनियां दरी अहरौरा गए थे। वहां से शाम सवा छह बजे लौट रहे थे कि उनकी चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर अदलहाट बाजार के गांधी पार्क के सामने डिवाइडर से टकराकर पलट गई। वाहन के पलटते ही ग्रामीण घायलों को वाहन से निकालने दौड़ पड़े। जाइलों में सवार आशुतोष तिवारी 27 वर्ष पुत्र रामकुमार तिवारी निवासी वाराणसी, ज्योति 24 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। दो अन्य दो छात्रों को भी चोटें आई। जिन्हें वाहन से निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजवाया । घटना में एक छात्रा बाल-बाल बच गई है। वाहन में सवार सभी छात्र एवं छात्राएं वाराणसी के निवासी हैं। अन्य का नाम पता नही मालूम हो पाया।