मिर्जापुर। निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीदने व नामांकन करने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। ईद का अवकाश होने के बावजूद नगर पंचायत कछवां के लिए दो लोगों ने नामांकन किया, जबकि नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवारों ने छह नामांकन पत्र खरीदे।
नगर पंचायत कछवां के अध्यक्ष पद के लिए मुनम ने दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। रेशमा ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के लिए निर्दलीय हरिओम सिंह ने दो सेट, समाजवादी पार्टी के लिए विपिन मिश्रा ने दो सेट, निर्दल घनश्याम व बसपा के लिए श्यामसुंदर शुक्ला ने नामांकन पत्र खरीदा। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के लिए सभासद के लिए शनिवार को 14 नामांकन पत्र खरीदे गए। जबकि 54 नामांकन पत्र जमा किए गए। इसी प्रकार नगर पंचायत कछवा के सभासद के लिए कविता ने वार्ड संख्या दो तथा बल्लू ने वार्ड संख्या नौ के लिए नामांकन किया।
चुनार नपा के लिए दस नामांकन पत्रों की हुई बिक्री
चुनार। निकाय चुनाव में शनिवार को चुनार नगर पालिका के सदस्य पद के लिए 10 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। जबकि नगर पालिका अहरौरा के लिए एक अध्यक्ष पद एवं पांच सदस्य पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। रिटर्निग आफिसर नगर पालिका चुनार नवनीत सेहारा ने बताया कि सदस्य पद के लिए 11 नामांकन पत्र दाखिल किये गए। वहीं अहरौरा नगर पालिका के रिटर्निग आफिसर अश्वनी सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए एक निर्दल उम्मीदवार कुश कुमार ने नामांकन पत्र की खरीद किया है। जबकि सदस्य पद के लिए 11 नामांकन पत्र दाखिल किये गए हैं।