जिगना/चुनार। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ट्रेन से कटकर अज्ञात युवक और महिला की मौत हो गई। जिगना थाना क्षेत्र के गैपुरा तथा जिगना रेलवे स्टेशन के बीच बरी दुबे गांव के सामने सोमवार को सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। चुनार थाना क्षेत्र के चुनार-चोपन रेल मार्ग पर बहेरी गांव के पास सोमवार को सुबह किसी ट्रेन से कटकर विवाहिता की मौत हो गई।
जिगना थाना क्षेत्र के गैपुरा तथा जिगना रेलवे स्टेशन के बीच बरी दुबे गांव के सामने सोमवार को सुबह करीब 11 बजे अप लाइन पर जा रही सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। युवक के पास एक मोबाइल फोन मिला है। जो चालू नहीं हो पा रहा है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। थानाध्यक्ष निरीक्षक शैलेश कुमार राय ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। शव को कब्जे में ले लिया गया है। तीन दिन में शिनाख्त नहीं होने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
उधर, चुनार थाना क्षेत्र के चुनार-चोपन रेल मार्ग पर बहेरी गांव के पास सोमवार को सुबह किसी ट्रेन से कटकर महिला की मौत हो गई। उसकी पहचान बहेरी गांव निवासी लक्ष्मीना देवी (35) पत्नी आकाश उर्फ अलगू पाल के रूप में हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के भर्थरा गांव निवासी छेदी पाल की पुत्री लक्ष्मीना की शादी करीब 12 साल पहले आकाश उर्फ अलगू के साथ हुई थी। उससे दो पुत्र हैं। पति खेती और मजदूरी का काम करते हैं। घटना की जानकारी होने पर मायके के लोग भी पहुंच गए। चुनार कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मायके वालों की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।