राजगढ़। क्षेत्र में संचालित निजी क्लीनिक और पैथोलॉजी सेंटरों की सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। इस दौरान गड़बड़ी मिलने पर टीम ने दो पैथोलाॅजी सेंटरों, एक क्लीनिक को सील कर दिया। इसके अलावा 10 निजी क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर जवाब भी मांगा गया है।
सीएचसी राजगढ़ के आसपास कई पैथाेलाॅजी सेंटर संचालित हो रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर सोमवार को सीएचसी राजगढ़ के प्रभारी अधीक्षक डॉ.पवन कश्यप ने टीम के साथ राजगढ़, बघौड़ा, ददरा पहाड़ी, चिखुरिया तथा कलवारी में संचालित निजी क्लीनिक और पैथाेलाॅजी सेंटरों की जांच की। जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर एक क्लीनिक और दो पैथाेलाॅजी सेंटरों को सील कर दिया। इसके अलावा 10 क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी किया। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच के नाम पर कोरम पूरा किया जा रहा है। इस संबंध में डॉ. पवन कुमार कश्यप का कहना है कि पहले भी आधा दर्जन क्लीनिक तथा पैथाेलाॅजी सेंटरों के संचालकों को नोटिस जारी किया जा चुका है, परंतु नोटिस का कोई जवाब नहीं मिला है। ऐसे क्लीनिक संचालकों तथा पंजीकरण के बगैर संचालित पैथाेलाॅजी सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।