करछना क्षेत्र के प्रयागराज-मिर्जापुर राजमार्ग स्थित कटका टोंस पुल के पास रविवार को दो सवारियों से भरी चार पहिया वाहनों में आमने-सामन टक्कर हो गई। तेज रफ्तार वाहन दूसरे वाहन को टक्कर मारते हुए 50 मीटर तक घिसटती चली गई और उसका टायर फट गया। हादसे में दो सवारियों की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद वाहन छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को भीरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
रविवार को प्रयागराज की ओर से मेजा की तरफ से जा रही और नैनी की ओर से आ रही दो सवारी गाड़ियों में टक्कर हो गई। इसमें दर्जन भर से अधिक लोग सवार थे। कटका पुल के समीप दोनों वाहनों में आमने-सामने भिड़ंत हुई। जिसमें मिर्जापुर के थाना जिगना, गांव रामपुर निवासी शांति देवी (24), विंध्याचल के गौरव ठाकुर पुत्र वेंकटेश्वर प्रसाद सिंह (28) की मौके पर ही मौत हो गई। जिगना रामपुर गांव निवासी राजबली (60), मेजा थाना के मैदनिहा गांव निवासी मीना देवी निषाद (35), सोनू निषाद (18), रंजीत निषाद (12), सुहानी (5) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मीना देवी निषाद अपने पुत्र सोनू , रंजीत, अंकित और पुत्री मोनिका, मोहिनी, सुहानी के साथ मायके नैनी के लवायन गांव निवासी अजय निषाद के यहां बर्थडे में शामिल होने जा रही थीं। वहीं जिगना के रामपुर गांव निवासी राजबली और शांति देवी नैनी के खरकौनी जा रहे थे। विंध्याचल के महेश्वर गौरव ठाकुर नैनी के एडीए कॉलोनी जा रहे थे। वह नैनी स्थित एक दुकान पर काम करते थे। परिजनों के मुताबिक अभी नैनी से 10 दिन पूर्व घर गए थे। राम शृंगार ने बताया कि पिता राजबली और छाेटे भाई की पत्नी शांति देवी के साथ घर से नैनी के खरकौनी आ रहे थे। बताया कि नैनी के खरकौनी में उनका आवास है।