नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर गंगा नहर पुल के पास मंगलवार की रात हाइवा की चपेट में आने से बिजली के दो पोल गिर गए। इससे बैकुंठपुर बाजार की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। संयोग था कि कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। मौके पर पहुंची नरायनपुर पुलिस हाइवा को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
पावर हाउस नरायनपुर के अवर अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि हाइवा चालक मार्ग पर पिछले क्रेन को हाइड्रोलिक के माध्यम से उठाकर चल रहा था। इस बीच विद्युत तार उसमें फंस गया, इसके बावजूद चालक हाइवा नहीं रोकी और वाहन चलाता रहा। इसके चलते बिजली के दो खंभे गिर गए। उस दौरान विद्युत आपूर्ति हो रही थी। संयोग था कि कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। रात में ही बाजार के आधे हिस्से में विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई। उन्होंने बताया कि बुधवार को दिन में लगभग एक बजे पूरे बाजार में विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गई। चौकी प्रभारी नरायनपुर राकेश राय ने बताया कि विद्युत खंभा गिरते ही आपूर्ति बंद हो गई थी। मार्ग पर जाम लग गया था। रात में जाम खत्म कराकर चालक को पकड़कर हाइवा को कब्जे में ले लिया गया। विद्युत विभाग की तरफ से तहरीर दिए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।