मिर्जापुर। विंध्याचल थाने में अष्टभुजा पहाड़ी पर बुधवार को देर शाम पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में प्रयागराज के दो चेन स्नेचर इनामी बदमाश घायल हो गए। उनको ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों इनामी बदमाश हैं। एक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और दूसरे पर 15 हजार का इनाम घोषित है।
एएसपी नितेश सिंह के अनुसार सूचना थी कि अमरावती के पास से बदमाश गुजरने वाले हैं। इसको देखते हुए पुलिस की तरफ से अमरावती के पास बैरियर लगाया गया था। उस दौरान सूचना मिली कि दो बदमाश किसी घटना के सिलसिले में आए हैं। पुलिस ने उनको रोका तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में पुलिस ने दो बदमाश घायल हो गए। एक के बाएं और दूसरे के दाहिने पैर में गोली लगी है। उनको इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एएसपी ने बताया कि इनमें से एक पर 26 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे पर तीन-चार मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में इन लोगों ने चील्ह थाना क्षेत्र में एक लाख रुपये की लूट की घटना के अलावा और महिला से चेन स्नेचिंग भी की थी। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल विपिन निषाद पर 25 हजार रुपये का इनाम है और उज्ज्वल पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने जिले में कई अपराध किए हैं। चील्ह में घटना करने के बाद ये प्रयागराज चले गए और वहां भी अपराध किया। उसके बाद जिगना थाना क्षेत्र में आपराधिक घटना को अंजाम दिया। कटरा कोतवाली क्षेत्र में भी इन बदमाशों ने आपराधिक घटना को अंजाम दिया था।