मिर्जापुर। पड़री थाना क्षेत्र के पुलिस ने रेलवे की टीम के साथ मिलकर रेल पटरियों के पेंडाल क्लिप को चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के पेंडाल क्लिप और अन्य सामान बरामद हुए हैं।यह जानकारी पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि रेलवे की पटरियों के पेंडाल क्लिप चोरी किए जाने के मामले में रेलवे के अधिकारियों ने छानबीन के बाद पड़री थाने में मुकदमा दर्ज कराया। रेलवे से अमरजीत सिंह ने तहरीर देकर पेंडाल क्लिप चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई। उन्होंने बताया कि पेंडाल क्लिप चोरी करने वाले दो आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इस बीच बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह व प्रियांशू ऊर्फ सूरज को गिरफ्तार किया। उनके पास से छह बोरी में रखे चोरी के 117 पेंडाल क्लिप, एक हथौड़ी, दो छेनी व अन्य सामान बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि अपने साथियों की मदद से रेलवे की पटरियों में लगी लोहे की क्लिप चोरी करते हैं। फिर ग्राहक की तलाश कर बेच देते हैं। गिरफ्तार आरोपी संदीप सिंह निवासी बरजीमुकुंदपुर और प्रियांशू उर्फ सूरज सिंह निवासी बर्जी मुकुंदपुर को जेल भेज दिया गया।