थाना क्षेत्र के पथरौरा मील पर नकली टाटा नमक व हार्पिक टायलेट क्लीनर, फार्चून मस्टर्ड आयल बेचते दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।
टाटा कन्ज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड के फील्ड मैनेजर अमित कुमार व सहयोगी अजय पंडित ,नीरज गौड़ को सूचना मिली कि पथरौरा मील पर कम्पनी के उत्पाद का डूप्लिकेट सामान बेचा जा रहा है। बुधवार को देर शाम पुलिस के साथ दो स्थानों पर जांच किया तो एक किराना स्टोर की दुकान पर 90 पैकेट टाटा नमक बरामद हुआ।
पथरौरा मील निवासी आशीष सोनकर के घर से फार्चून मस्टर्ड आयल एक लीटर का भरा 103 बोतल, फार्चून मस्टर्ड आयल का स्टीकर 180 पीस, खाली बोतल 65 पीस, हार्पिक टायलेट क्लीनर 500 एमएल का भरा बोतल 600 पीस, हार्पिक टायलेट क्लीनर का खाली बोतल 95 पीस, बोतल का टक्कन 95 पीस, स्टीकर 580 पीस, हार्पिक बोतल में भरे जाने वाला नीले रंग का केमिकल 25 लीटर, टाटा साल्ट का खाली पाउच 1750 पीस, लूज नमक 150 किलो, टाटा साल्ट का एक किलो का भरा पैकेट 350 पीस बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि फील्ड मैनेजर अमित कुमार के तहरीर पर पुलिस ने कापी राइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आशीष कुमार सोनकर व मंजूर अली निवासी पथरौरा मील थाना अदलहाट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।