अनियंत्रित होकर ड्रमंडगंज घाटी में पलटा शकरकंद लदा ट्रक। स्रोत- सोशल मीडिया
ड्रमंडगंज। थाना क्षेत्र के रीवां-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बड़का मोड़ पर शुक्रवार को दोपहर दो बजे घाटी से नीचे उतरते समय अचानक पीछे से आगे आई कार को बचाने में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन खलासी घायल हो गया। मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी ट्रक चालक आदिल (21) ने बताया कि वे कर्नाटक से शकरकंद लादकर वाराणसी जा रहे थे। उसी दौरान ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते समय बड़े मोड़ के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार अचानक बगल से निकलकर ट्रक के सामने आ गई। कार बचाने में ट्रक अनियंत्रित होकर बड़े मोड़ पर पलट गया। कार चालक कार लेकर भाग निकला। हादसे में खलासी सद्दाम (20) घायल हो गया। सूचना पर पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने खलासी का न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज में इलाज करवाया।