थाना क्षेत्र के रीवां-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बड़े मोड़ के पास मंगलवार को साढ़े 11 बजे अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर एक ट्रक पलट गया। इससे ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज पहुंचाया। जहां से डॉ. बालकृष्ण मिश्र ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर के लिए रेफर कर दिया।
बलिया जिले के शिवपुर दियरा बयासी निवासी 52 वर्षीय चालक वीरेंद्र यादव व हनुमानगंज थाना बैरिया जिला बलिया निवासी 40 वर्षीय खलासी रामविहारी यादव कटनी मध्यप्रदेश से ट्रक पर वाल पुट्टी की बोरियों को लादकर बिहार जा रहे थे। मंगलवार को 11 बजे दिन ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते समय बड़े मोड़ के पास अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। इससे अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनते ही तत्काल स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे गंभीर रूप से घायल चालक और खलासी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चालक और खलासी को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराने के बाद सरकारी एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर भेज दिया गया।