मड़िहान। लालगंज-कलवारी मार्ग पर अमोई गांव के पास बृहस्पतिवार को शाम को कलवारी से दीपनगर यात्री लेकर जा रहे ऑटो में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादमें में ऑटो सवार दो बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। राहगीरों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से सीएचसी मड़िहान भेजा गया।
कलवारी से दीपनगर जा रहे ऑटो में करीब बारह लोग सवार थे। रास्ते में सुगापाख से आगे ट्रक ने पीछे से ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद ऑटो में बैठे यात्री चीख-पुकार करने लगे। इस हादसे में मलुआ गांव निवासी संगीता (22), उनकी पुत्री सौम्या (3), बसही गांव निवासी गीता (24), उनके तीन पुत्र मयंक (5), कौशल (3) तथा एक वर्षीय कार्तिक घायल हो गए। सभी मधुपुर से कन्हईपुर जा रहे थे। हादसे में किशोरी लाल (55) को भी गंभीर चोटें आईं। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मड़िहान भेजा गया। उधर, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। दीपनगर पहुंचने से पहले लोगों ने ट्रक को रोक लिया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।