जिगना। गैपुरा-लालगंज मार्ग पर मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे विजयपुर पहाड़ी की ढलान पर सड़क पर हुए गड्ढे के चलते राखड़ लदा ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट नीचे खाई में पलट गया। इस हादसे में चालक ने कूदकर जान बचाई, परंतु ट्रक खाई में जाने पर केबिन में सो रहा खलासी फंस गया। चार घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से खलासी के शव को बाहर निकाला गया। कूदने से घायल चालक को उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के करगरा गांव निवासी चालक दीपक (27) पुत्र कल्लू और खलासी अदित कुमार (27) पुत्र बूटन के साथ मध्य प्रदेश के विंध्य नगर से सोमवार की शाम ट्रक पर राखड़ लादकर प्रयागराज के सहसो जा रहे थे। लालगंज-गैपुरा मार्ग पर ट्रक को दीपक चला रहा था। अदित केबिन में सोया था। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर की पहाड़ी के ढलान पर सड़क पर गड्ढा होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर दाहिनी तरफ 30 फीट नीचे खाई में गिर गया। चालक दीपक ने ट्रक से कूदकर जान बचाई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पीएचसी सर्रोई विजयपुर पहुंचाया गया। वहां से उसे ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। उधर, गैपुरा पुलिस तथा ग्रामीणों ने गैस कटर व ग्लैंडर की मदद से ट्रक की बाडी काटकर चार घंटे की मशक्कत के बाद खलासी अदित कुमार के शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सीपी पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर अदित की मां उर्मिला परिजनों के साथ विंध्याचल थाना पहुंच गई। अदित तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनसे एक पुत्र और एक पुत्री हैं। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि ट्रक पलटने से अदित कुमार की मौत हो गई। चालक दीपक घायल है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।