पैसा मांगने पर ट्रक चालक ने खलासी को ट्रक से उतारा
हलिया। लाकडाउन होने के कारण वेतन मांगने पर ट्रक चालक ने खलासी को गाड़ी से उतार दिया। इस पर खलासी चंदन टहलते हुए हलिया बाजार पहुंचा। वहां पर उसकी भाषा अलग मिलने पर लोगों ने पूछताछ की तो चंदन ने बताया कि वह बिहार के बेगूसराय का निवासी है। बरौंधा पुल के पास ट्रक चालक ने गाड़ी से उतार दिया। जेब में पैसा नहीं होने पर दो दिन से खाना भी नहीं खाया है। बताया की जिस भी गांव में पहुंचा वहां से मार पीट कर भगा देते हैं। उसने शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए। बाजार में शिवबाबू सेठ ने युवक की जांच प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया में कराई। जहां उसमें कोराना का लक्षण नहीं मिला। बीस किलोमीटर बरौंधा से पैदल चलकर थका-हारे चंदन को बाजार वासियों ने बिस्कुट नमकीन खिलाकर पानी पिलाया। इसके बाद उसे क्वारंटीन कक्ष में भेजा गया।