मड़िहान। तहसील से 200 मीटर दूर अवैध खनन और परिवहन में लिप्त ट्रक समेत दो ट्रैक्टर को बुधवार की सुबह तहसीलदार ने सीज कर दिया। फरार जेसीबी व चालक की तलाश की जा रही है। वाहनों को तहसील परिसर में खड़ा कराया गया है। मड़िहान तहसीलदार की कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर हल्का लेखपाल से जवाब मांगा गया है।
तहसीलदार फूलचन्द्र यादव बुधवार की सुबह मार्निंग वाक पर निकले थे। बिना परमिशन अवैध खनन व परिवहन की सूचना पर टीम के साथ पहुंच गए। गिट्टी लदी एक ट्रक व लाल मिट्टी लोड दो ट्रैक्टर को रोककर चालक से कागजात मांगा गया तो कुछ भी नही दिखा सके। तीनों वाहनों को तहसील लाया गया। उच्चाधिकारियों को सूचित करते हुए परिवहन व खनन विभाग को सूचना दी गयी। सूचना पर पहुंचे सम्बंधित अधिकारियों ने तीनों वाहनों को सीज कर तहसील की सुपुर्दगी में दे दिया। हसीलदार फूलचन्द्र यादव ने बताया कि मौका पाकर चालक जेसीवी लेकर फरार हो गया। सीज वाहनों से परिवहन व खनन विभाग द्वारा जुर्माना वसूला जाएगा। देवरी कला क्षेत्र में भारी पैमाने पर हो रहे खनन व परिवहन की रिपोर्ट न देने पर नियुक्त लेखपाल से जबाब मांगा गया। निर्देश दिया कि जहां खनन हुआ हो उसकी रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार कार्यालय में दो दिनों अन्दर प्रस्तुत करें। आरोप है कि पकड़ा गया ट्रैक्टर ट्राली से परिसर में मिट्टी गिराकर चालक भागने का प्रयास किया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।